टाउनशिप। गोवंश लदा कंटेनर बृहस्पतिवार की रात आगरा से दिल्ली की तरफ जा रहा था। महुअन टोल से गोरक्षकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इस पर चालक ने कंटेनर को तेज दौड़ाना शुरू कर दिया। गांव बाद के निकट कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना पर रिफाइनरी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कंटेनर से गोवश को मुक्त कराया। इसमें तीन की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार की रात दो बजे आगरा से दिल्ली की तरफ गोवंश लदा कंटेनर जा रहा था। किसी ने गो रक्षक दल को फोन पर सूचना दी कि कंटेनर में गोवंश जा रहे हैं। जैसे ही कंटेनर महुअन टोल से गुजरा गोरक्षक दल ने कंटेनर का पीछा करना शुरू कर दिया। गो रक्षक दल को पीछा करते देख चालक ने घबरा कर हाईवे से नीचे कच्चे रास्ते पर कंटेनर को उतार दिया। तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर कंटेनर पलट गया। इसमें तीन गोवंश की मौत हो गई। चालक और हेल्पर कंटेनर को छोड़ कर भाग गए। रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत त्यागी ने बताया कि गोवंश लदे कंटेनर को छोड़ कर चालक-हेल्पर भाग गए। कंटेनर में 17 गोवंश लदे थे। इसमें से 3 की मौत हो गई, 14 गोवंश को गोशाला में छुड़वा दिया है। संवाद