संवाद न्यूज एजेंसी
वृंदावन। गोपालखार क्षेत्र की बृजकुंज काॅलोनी में दो दिन से बंद मकान से चोर 50 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर चुराकर ले गए। मकान मालिक ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है।
परिक्रमा मार्ग में कैलादेवी मंदिर के सामने बृजकुंज काॅलोनी स्थित मकान में रह रहे पंकज सैनी दो दिन पूर्व ताला लगाकर अपने भाई गोकुलेश सैनी के पास अहीरपाड़ा स्थित घर गए थे। तभी चोर मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अंदर कमरे में रखे करीब 50 हजार रुपये और तीन लाख के सोने, चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी तब हुई जब मंगलवार सुबह पंकज घर पहुंचा। मकान के ताले टूटे थे और अन्दर कपड़े और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। इस पर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के कई घंटों के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि इस मामले में पता लगाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।