अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए तैयारियों अंतिम चरण में हैं। 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसे लेकर मथुरा में भी तैयारी है। बांकेबिहारी मंदिर में 22 जनवरी को ठाकुरजी भगवान राम के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे सकते हैं।
पवित्र नगरी अयोध्या श्रीराम के आगमन के लिए तैयार है। 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके साथ ही मथुरा में भी तैयारियों शुरू हो गई हैं। बांकेबिहारी मंदिर में 22 जनवरी को ठाकुरजी भगवान राम के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे सकते हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्साहित मंदिर के सेवायत शृंगार करने वालों से इस संबंध में बातचीत कर रहे हैं।
विज्ञापन
बांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी दिनेश गोस्वामी ने बताया कि अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का वैसा ही उत्साह देखने को मिल रहा है जैसा वनवास के बाद प्रभु राम के अयोध्या आने पर खुशी मनाई गई थी। 22 जनवरी को बांंकेबिहारी भी भक्तों को भगवान राम के स्वरूप में दर्शन दें, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। सेवाधिकारी आराध्य का शृंगार करने वालों से बातचीत कर रहे हैं। ताकि भगवान राम की तरह पोशाक धारण करने के साथ ही गोल आकार का मुकुट, धनुष-वाण धारण कराए जा सकें।
कोसीकलां में दिखेगा मिनी अयोध्या का नजारा
कोसीकलां में 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मद्देनजर तैयारिया जोरों पर हैं। प्रदेश के गन्ना विकास एवं मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बुधवार को तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन कोसी में मिनी अयोध्या का नजारा दिखाई देगा। इस दिन निकाली जाने वाली शोभायात्रा में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करने के साथ आकर्षक झांकियां श्रीराम की जीवनलीला को साकार करेंगी। ढोल-नगाड़े, बैंड बाजे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भजन संध्या व दीपदान का आयोजन होगा। शोभायात्रा में 2100 महिलाएं कलश लेकर चलेंगी। शोभायात्रा में 25 से 30 झांकियां, 5 बैंड, 5 डीजे, 8 मृदंग, 5 नगाड़ों के साथ 7000 स्कूली बच्चे भी शामिल होंगे। 21 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मंत्र जाप किया जाएगा। शोभायात्रा दोपहर एक बजे नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई भरत मिलाप चौक पर पहुंचेगी, जहां शाम को दीपदान,भजन संध्या और आतिशबाजी होगी। इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय गोयंका, रामलीला संस्थान अध्यक्ष हरेंन्द्र ठाकुर, होती चौधरी, भानु प्रताप सिंह, बब्बल पंजाबी आदि मौजूद थे।