यतेंद्र तिवारी
नंदगांव (मथुरा)। दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर नंदगांव निवासी प्रो. विनोद की कलाकृतियां ब्रज संस्कृति की छाप छोड़ रहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को द्वारका सेक्टर 21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक विस्तारित एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन का उद्घाटन किया। इस स्टेशन पर कला प्रदर्शनी एवं संग्रहालय में लगी पेंटिंग्स को देखकर दर्शक प्रो. विनोद की तारीफ करते दिखे।
दिल्ली कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स में प्रोफेसर विनोद गोस्वामी की करीब 50 पेंटिंग और म्यूरल (भित्ती चित्रों) को दिल्ली के निजामुद्दीन, त्रिलोकपुरी, नजफगढ, कड़कड़डूमा समेत 10 मेट्रो स्टेशनों पर स्थान मिल चुका है। सिर्फ यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 के कला प्रदर्शनी एवं संग्रहालय में 8 गुणा 10 की 10 कलाकृतियों को स्थान मिला है।
प्रो. विनोद को भारत सरकार ने सीनियर फेलोशिप अवार्ड भी दिया है। वे देश विदेश में सौ से ज्यादा प्रदर्शनियों में प्रतिभाग कर चुके हैं। विनोद गोस्वामी ने बताया कि स्टेशन पर कलाकृतियों को फरवरी में तैयार कर दिया गया था। रविवार को प्रधानमंत्री ने अपने जन्मदिन के अवसर पर स्टेशन का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी न्याय की देवी की प्रतिमा बनाई थी, जिसका उद्घाटन सीजेआई ने किया था। संवाद