दान के रक्त से बचती है दूसरों की जान
- फोटो : Amar Ujala
अग्रवाल शिक्षा मंडल मथुरा द्वारा संचालित जैंत हाईवे स्थित एएसएम महाविद्यालय में शनिवार को महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय के तत्वावधान में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भी रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के निदेशक डॉ. एससी कश्यप एवं उनकी पत्नी सुषमा कश्यप ने रक्तदान कर किया। निदेशक डॉ. एससी कश्यप ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान करने से रक्तदाता की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता है, जबकि संकट की घड़ी में हमारा रक्त किसी की जान बचा सकता है। प्रवक्ता संयम वार्ष्णेय, अंकित अग्रवाल व ओएस संजय अग्रवाल ने रक्तदान करते हुए कहा कि रक्तदान से दूसरों को नया जीवन मिलता है। इसमें सभी को बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। जिला अस्पताल के डॉ. गीता शर्मा, डॉ. सुशीला शर्मा एवं अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति में रक्तदान शिविर लगाया गया। छात्रा सौम्या सिंह, मेघा अग्रवाल, कांती देवी, कन्हैया ठाकुर, राकेश कुमार आदि ने रक्तदान कर शिविर को सफल बनाया।