कोसीकलां। शेरगढ़ मार्ग पर गांव नगरिया दस विसा के समीप एक ट्रक ने डीजल लेकर लौट रहे बाइक किसान को रौंद दिया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव फालैन निवासी शिवराम (50) पुत्र भूदर मंगलवार शाम को बाइक से डीजल लेकर गांव लौट रहा था, जैसे ही वह गांव नगरिया सात विसा के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने बाइक सवार को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूचना के बाद भी पुलिस और एंबुलेंस एक घंटे तक नहीं पहुंची, इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा वहां रुक गए। मंत्री प्रतिनिधि ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। तब जाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पूरा मामला वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। संवाद