कोसीकलां। नगर पालिका परिषद की ओर से नगर को स्वच्छ बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में अब बठैन गेट चौराहे का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसके तहत पुल के नीचे रंगाई पुताई के बाद पौधरोपण व प्रतिमा लगाने की भी तैयारी की जा रही है।
चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि पहले चौराहे गंदगी व दुर्गंध रहती थी। यहीं पुलिस विभाग द्वारा जब्त किए वाहन इकट्ठा कर रखे हुए थे। इन्हें हटवाकर चौराहे की रंगाई-पुताई के साथ ही स्लोगन भी लिखवाए गए हैं। इन कार्यों पर करीब साढ़े सात लाख 95 हजार रुपये खर्च किए जा रहे है। जिससे ब्रज भ्रमण पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश मिल सके। योजना के दूसरे चरण में चौराहे पर चार प्रतिमाएं, फब्बारे आदि लगाएं जाएंगे।
ओवरब्रिज के नीचे मिट्टी डलवाकर आकर्षक पौधे रोपे जाएंगे। सेल्फी प्वाॅइंट बनावाने के साथ ही अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। इसके लिए राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों को पत्र लिखकर स्वीकृति मांगी गई, स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। एनएचएआई के सहयोग से प्रकाश एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बठैन गेट चौराहे को सुंदर व साफ बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है।