मथुरा। बार में अधिवक्ताओं के चेंबरों पर मौजूद मुंशियों और विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत एलएलबी के छात्रों को परिचय पत्र दिए जाएंगे। चेंबरों पर करीब 600 से अधिक मुंशी काम करते हैं तो इतने ही लगभग एलएलबी के छात्र भी हैं जिनके द्वारा अधिवक्ताओं के सानिध्य में रहकर काम किया जाता है। शुक्रवार को बार एसोसिएशन की बैठक में तय किया गया कि बार द्वारा मुंशियों को और इस प्रकार के छात्रों को भी परिचय पत्र दिए जाएंगे।
बैठक में बार अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि हालांकि मुंशियों को एक बार पूर्व में भी परिचय पत्र दिए जा चुके हैं लेकिन यह परिचय पत्र दोबारा तैयार किए जाएंगे। सचिव अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों को बार से परिचय पत्र लेने से पहले अपने विद्यालय से लिखवाकर लाना होगा। जिसके आधार पर बार उनका परिचय पत्र तैयार करेगी। बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित बैठक में समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।
और कड़ी की कोर्ट की सुरक्षा
शुक्रवार को अदालत की सुरक्षा और कड़ी कर दिया। सभी गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ताओं के अलावा जो भी लोग अदालत आए उन्हें जांच के बाद ही न्यायालय परिसर में जाने दिया।