मथुरा। शहर कोतवाली के डैंपियर नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात को आयोजित एक शादी समारोह में छह तोले सोने के जेवरात से भरा बैग एक शातिर चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी में वह कैद हो गया है। हुलिये के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
वाकये के अनुसार गोविंद नगर इलाके के कृष्णा पुत्र कन्हैया गुप्ता की बहन की शादी डैंपियर नगर में स्थित एक रिसोर्ट/होटल में थी। रात करीब नौ बजे एक शातिर चोर शादी में घुस गया। दुल्हन पक्ष अपने कामकाज में व्यस्त था। जेवरात से भरा बैग दुल्हन पक्ष के पास ही था। उनका ध्यान भंग होते ही चोर ने बैग पर हाथ साफ कर दिया। कुछ देर बाद जब बैग का ध्यान आया तो अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची।
इंस्पेक्टर रवि त्यागी के अनुसार चोर सीसीटीवी में कैद हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। कृष्णा गुप्ता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।