वृंदावन। छटीकरा रोड स्थित श्रीकृष्ण शरणम कॉलोनी स्थित ब्रज साहित्य सेवा मंडल के कार्यालय में ‘अमर उजाला’ के नवोन्मेषक स्व. अतुल माहेश्वरी की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनका भावभीना स्मरण किया गया। उनके चित्रपट पर माल्यार्पण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की गई।
ब्रज साहित्य सेवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने कहा कि स्व. अतुल माहेश्वरी ने हिंदी पत्रकारिता जगत में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वे इस क्षेत्र की बहुमूल्य निधि थे। यह उन्हीं के प्रयासों का फल है कि आज अमर उजाला 6 राज्यों व 2 केंद्र शासित प्रदेशों से 22 संस्करणों में प्रकाशित हो रहा है। मंडल के संयोजक पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ ने कहा कि स्व. अतुल माहेश्वरी का न केवल पत्रकारिता में अपितु समाजसेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान है। इसी के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के प्राचीन क्लाइव रोड का नाम बदलकर उनके नाम पर किया है। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व उप संचालक (सूचना एवं जनसंपर्क) टीपी त्रिपाठी ने कहा कि स्व. अतुल माहेश्वरी के देश व समाज के लिए अविस्मरणीय योगदान को मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के पत्रकारिता के पाठॺक्रम में शामिल किया गया है।
भागवताचार्य आचार्य रामविलास चतुर्वेदी ने कहा कि स्व. माहेश्वरी के सामाजिक सरोकार अत्यंत प्रबल थे। यही कारण है कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ के मेवला फ्लाईओवर का नाम अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु रखकर उन्हें अपनी श्रृद्धांजलि अर्पित की थी।
इस अवसर पर आचार्य विष्णु मोहन नागार्चा, सतेंद्र जोशी, विजय रिंणवां, डॉ. सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी, विष्णुकांत भारद्वाज, आनंद कृष्ण शास्त्री, आचार्य करण कृष्ण गोस्वामी, महामंत्री डॉ. राधाकांत शर्मा मौजूद रहे। संवाद
पत्रकारिता जगत में स्थापित किया अतुलजी ने कीर्तिमान
मथुरा। ‘अमर उजाला’ समूह के नवोन्मेषक स्व. अतुल माहेश्वरी की 12वीं पुण्यतिथि पर माहेश्वरी परिवार द्वारा स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।
मंगलवार को एडवोकेट रितेश माहेश्वरी ने कहा कि स्व. अतुल माहेश्वरी ने पत्रकारिता जगत में कीर्तिमान स्थापित किया। उनका सहयोग पत्रकारिता जगत में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। वे प्रगतिशील और भविष्य की सोच रखने वाले लोगों में से थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले अतुल माहेश्वरी ने समाज को नया चिंतन और जागरूकता प्रदान करने का काम किया। जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता, वह हंसमुख, मिलनसार, मृदुभाषी एवं अतुलनीय थे। उन्होंने अमर उजाला समाचार पत्र समूह को बुलंदियों पर पहुंचाया। स्मृति सभा में राजकुमार माहेश्वरी, कृष्ण कु मार माहेश्वरी, संतोष कुमार, माहेश्वरी, संजीव माहेश्वरी, मंतोष कुमार माहेश्वरी, नारायण प्रसाद शर्मा, अभिषेक गौड़, प्रशांत आदि मौजूद रहे। संवाद