मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह मस्जिद कमेटी विवाद में सुप्रीम कोर्ट में एक और अर्जी दाखिल की गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास ट्रस्ट ने श्रीराम जन्मभूमि मामले में की गई प्रतिदिन सुनवाई को नजीर बनाते हुए इस प्रकरण में भी उसी प्रक्रिया को अपनाने की प्रार्थना की है। कोर्ट ने 17 अक्तूबर को सुनवाई की तिथि नियत की है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अजी में दो मांग रखी गई हैं, पहली इस प्रकरण से संबंधित सभी याचिकाओं की सुनवाई हाईकोर्ट में एक स्पेशल बेंच से कराने और दूसरी प्रतिदिन सुनवाई करते हुए जल्द मसले का हल निकालने की प्रार्थना की गई।
महेंद्र प्रताप के अनुसार शाही मस्जिद ईदगाह को हटाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की जमीन हिंदुओं को सौंपने सहित अन्य मुद्दों को लेकर मथुरा अदालत में विचाराधीन सभी मुकदमों को हाईकोर्ट ने 26 मई 2023 को श्रीराम जन्मभूमि मामले की तरह हाईकोर्ट की वृहद पीठ को सौंपने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ शाही मस्जिद ईदगाह मथुरा की कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की। सुप्रीम कोर्ट ने सभी फाइलों को हाईकोर्ट से तलब किया है।
इस मामले में चार तारीखें लग चुकी हैं। हालांकि प्रकरण सूचिबद्ध न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी है और न ही हाईकोर्ट के वृहद पीठ गठित करने के आदेश पर रोक लगाई है।