ईदगाह पक्ष जाएगा हाईकोर्ट, पक्षकार ने लगाया कैवियट
ईदगाह की अमीन रिपोर्ट के खिलाफ में ईदगाह पक्ष ने हार नहीं मानी है। सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक की अदालत में अमीन रिपोर्ट रोकने को दिए गए प्रार्थनापत्र पर कार्रवाई न होते देख वह अब इस आदेश के खिलाफ जिला जज की अदालत में जाएंगे। यहां पर भी यदि उनके प्रार्थनापत्र पर सुनवाई नहीं हुई तो वह हाईकोर्ट में इस आदेश को रुकवाने के लिए अपील करेंगे।
हाईकोर्ट में लगाया कैवियट
ईदगाह के सचिव तनवीर अहमद ने बताया कि अब वह ईदगाह के अमीन रिपोर्ट संबंधी आदेश को रुकवाने के लिए सभी विधिक प्रक्रिया करेंगे। अमीन रिपोर्ट का फैसला कानूनी रूप से गलत तरीके से दिया गया है। उधर पक्षकार हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता के अधिवक्ता शैलेष दुबे ने बताया कि उन्होंने हाईकोर्ट में कैवियट लगा दिया है। जिला जज की अदालत में भी कैवियट लगाएंगे। उनका कहना है कि सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत द्वारा मैरिट के आधार पर अमीन रिपोर्ट का आदेश किया गया है। इसका विरोध निरर्थक है।
पुलिस बल की पड़ेगी जरूरत
जब भी ईदगाह की अमीन रिपोर्ट करने के अमीन शिशुपाल यादव मौके पर ईदगाह जाएंगे तो वहां विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल की जरूरत पड़ेगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अन्य दावेे के पक्षकार दिनेश शर्मा ने इस संबंध में अदालत में प्रार्थना पत्र भी दिया है। इसमें उन्होंने मौके पर एसएसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के रहने की मांग की है।