मथुरा। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर जिले के सभी बिजलीघर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग नजर आएंगे। सभी बिजलीघरों पर अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई है। कर्मचारियों को विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन कान्हा की नगरी रोशनी से जगमग नजर आएगी। सभी बिजली घरों पर सजावट की गई है। फूलमालाओं के साथ बिजलीघरों पर रंग-बिरंगी रोशनी करने के लिए झालर लगाई गई हैं। चीफ इंजीनियर संजय जैन ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर सभी बिजलीघरों पर साफ-सफाई की गई है।
प्राण प्रतिष्ठा के दिन विद्युत आपूर्ति प्रभावित नहीं हो, इसके लिए बिजलीघरों पर जेई की तैनाती की गई है। सभी को निर्देशित किया गया है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होते ही तत्काल उसे सही करने का काम किया जाएगा। जिले के किसी भी हिस्से में विद्युत आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सभी विद्युत कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।