वृंदावन। बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव से तबीयत बिगड़ने से एक श्रद्धालु की मौत के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियोें ने मंदिर के सभी प्रवेश मार्गों का जायजा लिया। बुधवार को उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर होल्डिंग बैरियर लगाए जा रहे हैं। वहीं सेवायत गोस्वामियोें से बात कर ठाकुरजी के दर्शन की समय सीमा बढाने पर सहमति बनी है।
इसके तहत मंदिर निर्धारित समय से पौन घंटे पहले खोला जाएगा। एसएसपी के निर्देश पर सीओ सदर ने रंगभरनी एकादशी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए प्लान तैयार किया और सेवायत गोस्वामियों से भी वार्ता की है। सीओ सदर कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो तरीके अपनाएंगे। पहला बांकेबिहारी के मंदिर में दर्शन के समय को बढा़ना है।
सेवायत गोस्वामियों से सहमति बनी है कि वह निर्धारित समय से पहले लगभग पौन घटे पहले सात बजे मंदिर के पट खोलेंगे, ताकि पट खुलने से पहले जमा होने वाली भीड़ दर्शन कर सकें और अधिकाधिक श्रद्धालुओं को भी दर्शन हो सकेंं। वहीं दूसरा तरीका बांकेबिहारी मंदिर के दोनों प्रवेश मार्गों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। इसमें श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर रोक-रोककर भेजा जाएगा। इससे मंदिर और संकरी गलियों में भीड़ का दबाव कम हो सकेगा।