मथुरा। अधिकारियों की कार्रवाई के बाद भी जिले में डग्गेमारी जारी है। मालगोदाम रोड, गोवर्धन चौराहा, पुराना बस अड्डा और नेशनल हाईवे का भरतपुर कट डग्गामार वाहनों का अड्डा बना है। हालांकि अभियान चलाकर 10 बसों को सीज भी किया गया है।
जिले की सड़कों पर हरियाणा नंबर की अनधिकृत बसों से डग्गेमारी की जा रही है। ये बसें खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर कमाई कर रही हैं। रविवार को एआरटीओ मनोज वर्मा ने रोडवेज अधिकारियों के साथ मिलकर कई स्थानों पर अनधिकृत रूप से दौड़ रहीं बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। टीम ने मालगोदाम रोड, गोवर्धन चौराहा और हाईवे पर चेकिंग की।
इस दौरान टीम ने अनधिकृत रूप से सवारियां ले जा रहीं 10 बसों को पकड़ा। सभी बसों को सीज कर डिपो कार्यालय में खड़ा करवा दिया। सभी बसों पर 1.36 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि इन अनधिकृत बसों की वजह से रोडवेज को हर दिन नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सड़कों पर नहीं दिख रहा कार्रवाई का असर
कहने को अधिकारी डग्गामार वाहनों के खिलाफ कई बार अभियान चलाकर कार्रवाई कर चुके हैं। इसके बाद भी ये हैरत वाली ही बात है कि इस तरह की अनधिकृत बसों के संचालन पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। मालगोदाम रोड, गोवर्धन चौराहे और नेशनल हाईवे पर सोमवार को डग्गामार बसें सवारियां भरकर सड़कों पर दौड़ती नजर आईं।