मथुरा। जिले में मानकों को ताक पर रखकर वाटर पार्क का संचालन किया जा रहा था। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने छापा मारा तो सच्चाई सामने आ गई। फिलहाल एक वाटर पार्क को बंद करा दिया गया है। चार को नोटिस जारी किया गया है।
जिले में खेत में तालाब बनाकर वाटर पार्क चलाया जा रहा था। खेत में बने वाटर पार्क के चारों तरफ न तो दीवार पूरी थी न ही वाटर पार्क में आने वाले लोगों के लिए लाइफ गार्ड रखे थे। जिला क्रीड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो हालात देखकर दंग रह गए। उन्होंने मौके पर बलदेव जुगसाना स्थित अखिलेश वाटर पार्क को बंद करवा दिया। संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि बलदेव रोड राया में विष्णु वाटर पार्क, बिचपुरी शिवली में शिबू वाटर पार्क, राया मथुरा रोड पर कृष्णा वाटर पार्क और सादाबाद बलदेव रोड स्थित छवि फार्म हाउस सादाबाद रोड का निरीक्षण किया गया। किसी का रजिस्ट्रेशन नहीं था। सभी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। अखिलेश वाटर पार्क को बंद करवा दिया गया है। जल्दी ही सभी ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया तो सभी को बंद करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।