नौहझील(मथुरा)। सोमवार दोपहर यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना नौहझील क्षेत्र में कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इससे कार में आग लग गई। इसकी चपेट में ट्रेलर भी आ गया। आग के कारण आगरा की ओर के लेन पर आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। वहीं हादसे में कार सवार दंपती और दो बच्चे घायल हो गए।
नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर 12.30 बजे माइलस्टोन 64 पर गांव कटैलिया के समीप नोएडा से आगरा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे सीमेंट के कट्टे लदे ट्रेलर में जा घुसी। कार ट्रेलर में फंसकर करीब दो सौ मीटर तक घिसटती रही। इससे कार में आग लग गई। इन लपटों ने ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार व ट्रेलर चालक मौके से बमुश्किल जान बचा कर निकले। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी। सूचना के आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह भाटी ने बताया हादसे में कार सवार अरुण जैन (32), नैंसी पत्नी अरुण(३०), जिनीषा (5), अनिष्का (2) घायल हो गए। ये सभी लक्ष्मी नगर हरगोविंद एन्क्लेव कड़कड़डूमा, ईस्ट दिल्ली के रहने वाले हैं। घायलों को भास्कर हॉस्पिटल लक्ष्मी नगर, मथुरा में भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल में परिजन मौजूद है। वहीं ट्रेलर चालक भी आग लगते ही डर की वजह से मौके से चला गया।