मथुरा। मथुरा-वृंदावन समेत देहात क्षेत्र के 69 विद्युत ट्रांसफार्मर बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। इससे इन ट्रांसफार्मर से जुड़े शहरी और देहात क्षेत्र के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से गर्मी के मौसम में लोग परेशान हैं। मथुरा में 15, वृंदावन में 14 और देहात क्षेत्र में 40 ट्रांसफार्मरों के पानी में डूबने पर विद्युत निगम ने एहतियातन इनसे सप्लाई बंद करा दी है।
मथुरा में स्वामीघाट से लेकर सदर बाजार क्षेत्र तक यमुना किनारे लगे करीब 15 ट्रांसफार्मरों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसमें असंकुण्डा घाट, स्वामी घाट एवं महादेव घाट पर लगे ट्रांसफार्मर पानी में पूरी तरह डूब गए। द्वारिकाधीश मंदिर क्षेत्र, स्वामी घाट, असकुंडा घाट, विश्राम घाट, राजा घाट, बंगाली घाट, कृष्णापुरी, सदर बाजार, महादेव घाट क्षेत्र सहित मसानी सब स्टेशन से जुड़े खादर के जयसिंहपुरा क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी गई है। इस अव्यवस्था के चलते डेंपियर नगर समेत कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई है।
वहीं वृंदावन में बाढ़ ग्रस्त इलाकों में पानी भर जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद की गई है। 630 केवीए का एक ट्रांसफार्मर, 400 केवीए के 2 ट्रांसफार्मर, 250 केवीए का एक एवं 100 केवीए तक के 5 ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। इसके अतिरिक्त 400 केवी के चार एवं ढाई सौ केवीए के एक ट्रांसफार्मर की आपूर्ति भी बाधित है। रंगजी बगीचा को आपूर्ति करने वाली 33 केवी लाइन के 5 पोल भी यमुना की जद में आ गए हैं। वृंदावन में तेजी से बढ़ते जल स्तर को देखते हुए 33केवी के रंगजी बगीचा विद्युत सब स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी केसी घाट एवं राजपुर फीडर की बिजली भी बंद कर दी गई है। 33केवी पागल बाबा विद्युत सब स्टेशन का एक फीडर बंद किया गया है।
चैतन्य विहार सब स्टेशन से जुड़े बराह घाट फीडर से बिजली बंद है। इससे लोई बाजार, गोविंद बाग, केशीघाट, पानीघाट, बाराहघाट, कालीदह, सूरजघाट, जुगलघाट अठखम्बा, ज्ञानगुदड़ी, जगन्नाथ घाट, चैतन्य कुटी, वंशीवट, श्यामकुटी, राजपुर, चीरघाट क्षेत्र में बिजली बंद ठप है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 40 ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बाधित है। एसई मनोज कुमार ने बताया कि बाढ़ के पानी में ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन डूब गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। यमुना का जल स्तर कम होने पर इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारू की जाएगी।