सौंख। किसानों को देने के लिए बैंक से निकाली नकदी को आढ़तिया की जेब से लड़की गैंग ने पार कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना मगोर्रा के गांव डोमपुरा निवासी आढ़तिया केहरी सिंह कस्बा की उप मंडी में जोधा सिंह एंड संस के नाम से आढ़त चलाते हैं। बुधवार को 11 बजे किसानों को फसल के रुपयेदेने के लिए स्टेट बैंक से एक लाख सत्तर हजार रुपये निकाले। वह करीब 12 बजे रुपये जेब में रखकर बाहर निकले तो बैंक परिसर में पूर्व से एक कुर्सी पर बैठी लड़की गैंग की सदस्य पीछे-पीछे चल दी। मुख्य द्वार पर लड़की गैंग की सदस्यों ने आढ़तिया को घेर लिया और एक लड़की ने उनकी जेब में रखे पचास हजार रुपये की गड्डी को पार कर दिया।
आढ़तिया को रुपये निकलने की जानकारी तब हुई जब मंडी पहुंचकर उसने काउंटर पर रखने के लिए रुपये निकाले। कैमरे में चार लड़कियां बैंक से निकलती हुई दिखाई दे रही हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि बैंक परिसर से निकलते ही घटना को अंजाम दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
बैंक की सुरक्षा रामभरोसे
कस्बे की स्टेट बैंक में पिछले करीब दस माह से सुरक्षा गार्ड की तैनात नहीं है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बैंक परिसर में सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं किया गया है। ऐसे बैंक सहित ग्राहकों की सुरक्षा रामभरोसे है। व्यापारी नेता साकेत अग्रवाल, विजय सिंह, जगदीश कुंतल, बलजीत सिंह, केहरी सिंह, चंदगीराम, डालू चौधरी आदि ने बैंक में सुरक्षाकर्मी की तैनात कराए जाने की मांग की है।