बरसाना/राया (मथुरा)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की दुकानों पर छापा मारा।
बरसाना स्थित जग्गू पनीर प्लांट पर छापा मारा गया। संदेह होने पर पनीर का नमूना संग्रहीत किया और 400 किलोग्राम दूषित पनीर व 200 लीटर दूषित मिलावटी दूध को नष्ट कराया गया। साथ ही पनीर प्लांट संचालक को सख्त चेतावनी दी गई। राया क्षेत्र में हरे रंग से रंगी 10 किलोग्राम मटर जब्त की।
सहायक आयुक्त डॉ गौरी शंकर ने बताया कि बरसाना और राया में विभागीय टीमों ने कार्रवाई की है। राया में तीन दुकानों से नमूने एकत्रित किए। खराब मिली दाल, मैगी और हरी मटर को नष्ट कराया। यहां दीक्षित और दिनेश किराना स्टोर से हल्दी व दाल के नमूना एकत्रित किए। गंगा स्वीट सेंटर से बर्फी के नमूना लिए।
टीम ने सब्जी मंडी में सौ किलो हरी मटर और सौ किलो अरहर की दाल और मैगी को को नष्ट कराया। मटर को रंग मिलाकर बेचा जा रहा था। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमपी तिवारी, गजराज, निरंजन, अरुण कुमार,देशराज आदि मौजूद रहे।