टैंटीगांव (मथुरा)। कस्बा सुरीर स्थित पंचशील बुद्ध विहार बगीची पर रहने वाले दो बौद्ध भिक्षु समेत तीन लोग सोमवार की सुबह अचेतावस्था में मिले हैं। तीन जहरखुरानी का शिकार बताए जा रहे हैं। चारपाई पर पड़े मिले तीनों को पुलिस ने मथुरा स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं।
पंचशील बुद्ध विहार बगीची पर करीब 18 साल से भंते ज्ञान प्रिय रह रहे हैं। रविवार की रात रोजाना की तरह बगीची पर भंते ज्ञान प्रिय, भंते संघ प्रिय व सुरीर निवासी गिर्राज सोए हुए थे। सुबह करीब पांच बजे बगीची पर कस्बा निवासी लक्ष्मण सिंह पहुंचे तो देखा तीनों अचेत अवस्था में लेटे हुए हैं और मुंह से झाग निकल रहे थे। उन्हें काफी झकझोरा, लेकिन वह होश में नहीं आए। बगीची के अंदर बने कमरों के ताले टूटे हुए थे।
सूचना पर लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल से नींद की गोली, गिलास, फ्रूटी की बोतल, कपड़े, आदि के नमूने लिए हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया है कि रविवार की शाम तेज आंधी के दौरान बगीची पर एक बाइक सवार युवक रुका और कहने लगा कि रात हो गई है। सुबह मथुरा निकल जाऊंगा। बाजार से फ्रूटी की बोतल, गिलास व दूध की थैली लेकर आया था।
फ्रूटी पीने के बाद बाजार में खाना खाने की कहकर चला गया। चर्चा है कि लौटने के बाद चाय में नशीली गोलियां डाल कर बौद्ध भिक्षुओं को पिला दी हो। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव का कहना है कि पंचशील बुद्ध विहार बगीची पर रहने वाले ज्ञान प्रिय भंते, संघ प्रिय भंते, व गिर्राज निवासी सुरीर अचेत अवस्था में मिले थे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके होश में आने के बाद हकीकत का पता चलेगा। वहीं एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।