मथुरा। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में अब तक प्रशिक्षण से छूटे हुए 535 कार्मिकों को रविवार को प्रशिक्षण दिलाया गया। इनमें 17 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे, इनकी रिपोर्ट चुनाव प्रशिक्षण प्रभारी अरविंद कुमार द्विवेदी ने जिला मजिस्ट्रेट शैलेंद्र कुमार सिंह को भेज दी है।
मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण बीएसए काॅलेज के सी-ब्लॉक में चल रहा है। इस प्रशिक्षण में लोकसभा चुनाव के मतदान संबंधी सभी प्रक्रियाएं समझाई गईं, साथ ही ईवीएम को लेकर भी तकनीकी जानकारी दी गईं। किन्हीं परिस्थितियों के कारण निर्धारित दिन को प्रशिक्षण न ले पाने वाले मतदान कार्मिकों को अब रविवार को बीएसए काॅलेज बुलाया गया। इनमें 150 पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण आयोजित कराया गया। इनमें से 9 कार्मिक अनुपस्थित रहे।
इनके साथ ही 55 स्टेटिक मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण कराया गया, इनमें से 1 स्टेटिक मजिस्ट्रेट अनुपस्थित रहे। इसके अलावा 330 आर्ब्जवर का भी प्रशिक्षण हुआ, जिनमें से 7 ऑब्जर्वर अनुपस्थित रहे। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव और चुनाव प्रशिक्षण प्रभारी अरविंद कुमार द्विवेदी ने इनका प्रशिक्षण पूरा कराया। एमवीडीए के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि रविवार के प्रशिक्षण में कुल 535 कार्मिकों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था, इनमें से कुल 17 कार्मिक अनुपस्थित रहे, इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।