भाजपा मेनका गांधी को अगले लोकसभा चुनाव में आंवला के बजाय पीलीभीत से उतारने के तैयारी कर रही है, जबकि उनके बेटे वरूण गांधी सुल्तानपुर से चुनाव लड़ेंगे।
मेनका ने पिछला चुनाव आंवला से लड़ा था, जबकि वरूण पीलीभीत से लोकसभा सांसद चुने गए थे।
संभावना है कि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में सपा के बागी उम्मीदवार धर्मेंद्र कुमार कश्यप को आंवला से उतारेगी।
गौरतलब है कि कश्यप पिछले चुनाव में आंवला संसदीय सीट पर ही मेनका गांधी से 7,654 मतों से हार गए थे। तब उन्होंने सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, एक मई को आंवला में होने वाली स्वाभिमान रैली में भाजपा कश्यप को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कर सकती है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और महासचिव वरूण गांधी उस रैली में शामिल होंगे।