दन्नाहार। लोअर गंग नहर में एक युवक कूद गया है। पुलिस ने तलाश शुरू की लेकिन युवक का कोई पता नहीं लगा। इस पर एटा से पीएसी को बुलाया गया है। दन्नाहार निवासी पुष्पेंद्र कुमार रविवार सुबह खेत पर गया था, तभी उसने पुल से एक युवक को नहर में छलांग लगाते हुए देखा। इसकी सूचना पुष्पेंद्र ने यूपी 112 पर दी। पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुष्पेंद्र ने बताया कि उसने एक युवक नहर में कूदते हुए देखा। युवक ने कूदने से पहले अपने सिर पर पत्थर से प्रहार किए। स्थानीय गोताखोर भी तलाश में लगे रहे लेकिन युवक का पता नहीं लग सका। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक के नहर में कूदने की सूचना मिली थी। पीएसी के गोताखोरों को तलाश के लिए बुलाया गया है।