बरनाहल। थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर में घर की छत से गिरकर घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पत्नी की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। केशोपुर निवासी मिलन सक्सेना (38) 22 अक्तूबर की रात को छत पर थे। रात करीब 10 बजे वह किसी तरह से छत से नीचे सड़क पर गिर गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन व पड़ोसियों की मदद से मिलन को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पत्नी पारूल सक्सेना ने थाने में प्रार्थनापत्र दिया और किसी अनहोनी की आशंका प्रकट की है। पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा है, रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।