मैनपुरी। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी की जनसुनवाई के दौरान शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भोजपुरा निवासी एक व्यक्ति 20-25 लोगों के साथ डीएम के जनसुनवाई कक्ष में घुसने लगा। हंगामे के कारण सरकारी कार्य बाधित हो गया। चौकी प्रभारी सिविल लाइन ने विजय कुमार व 25 लोगों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौकी प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे जिलाधिकारी जनता की समस्याओं को सुन रहे थे। इसी दौरान गांव भोजपुरा निवासी विजय कुमार के साथ करीब 25 लोग कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और एक साथ जिलाधिकारी के जनसुनवाई कक्ष में घुसने की कोशिश करने लगे। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और गनर मनोज कुमार ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से एक-एक करके कक्ष के अंदर जाने की बात कही लेकिन वह लोग नहीं माने। जनसुनवाई कक्ष के मुख्य द्वार को ही जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। हंगामा होने से जनसुनवाई पूरी तरह से बाधित हो गई। हंगामा करने वालों ने कर्मियों के साथ भी अभद्रता की। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।