घिरोर। थाना क्षेत्र के नगला धीप स्थित बी-पैक्स बहुउद्देशीय सहकारी समिति पर खाद वितरण के समय सचिव को पीटने व नकदी लूट का मामला सामने आया है। सहकारी समिति पर तैनात सचिव अभिषेक कुमार ने बताया कि शनिवार को टोकन प्रणाली के तहत खाद वितरित कर रहे थे। तभी कोसमा मुसलमीन के रहने वाले कुछ लोग गोदाम में घुस आए। वह लोग बिना टोकन के खाद मांगने लगे। उन्होंने बिना टोकन खाद दिए जाने की बात से मना किया। इसी बात से नाराज आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीटना शुरू कर दिया। आरोपी नकदी भी लूट कर ले गए। सीओ सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।