मैनपुरी। जिले में जर्जर सड़कों से आवागमन करने वाले लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो प्रमुख मार्गों की मरम्मत के लिए 46.70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। बजट स्वीकृत होने के बाद जल्द ही दोनों मार्गों पर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। पहले मार्ग की मरम्मत के लिए 23.30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग मैनपुरी-जीटी रोड से छाछा गांव होते हुए आलीपुरखेड़ा तक जाता है। लंबे समय से मार्ग की मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। सड़क की हालत खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूसरे मार्ग गग्गरवाला से जल्लापुर वाया खुडैया की मरम्मत के लिए 23.40 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इस मार्ग से जुड़े गांवों के लोगों को भी सड़क की मरम्मत होने से राहत मिलेगी। दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए स्वीकृत धनराशि से सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अखिलेश्वर कुमार अरुण ने बताया कि दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।