मैनपुरी। जिले में जर्जर सड़कों की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा। बिछवां-हन्नूखेड़ा मार्ग से बृजपुरा मार्ग तक सड़क की मरम्मत के लिए 18.60 लाख रुपये तो रुई-सिनौरा मार्ग की मरम्मत पर 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों सड़कों की मरम्मत के लिए कुल 37.60 लाख रुपये की धनराशि मंजूर हुई है। सड़कों की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत होने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्यदायी संस्था को सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। स्थानीय स्तर पर इन मार्गों की हालत खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क की मरम्मत होने से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अधिशासी अभियंता एके अरुण ने बताया कि दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।