भोगांव। रास्ता भटककर भोगांव पहुंचे दो मासूम भाइयों को मिशन शक्ति ऑपरेशन मुस्कान टीम ने जानकारी करने के बाद परिजन से मिला दिया। जनपद कन्नौज के कस्बा छिबरामऊ स्थित काशीराम कॉलोनी निवासी छह वर्षीय अरबाज और सात वर्षीय अरजान रास्ता भटककर बस से भोगांव पहुंच गए। दोनों मासूम भोगांव चौराहे के पास खड़े थे। कोतवाली में तैनात मिशन शक्ति की ऑपरेशन मुस्कान टीम प्रभारी मोनिका चौधरी, अर्चना यादव, संध्या सिंह और बबीता सिंह की नजर बच्चों पर पड़ी। टीम दोनों बच्चों को मिशन शक्ति केंद्र ले गई और उनके परिजन का पता लगाकर सूचना दी। सूचना मिलते ही बच्चों के पिता इरफान अपनी पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचे। प्रभारी मोनिका चौधरी ने दोनों बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।