मैनपुरी। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित जिला सेवायोजन अधिकारी कार्यालय और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय में गायब दो कर्मी बिना हस्ताक्षर के गायब मिले। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। सीडीओ को सेवायोजन कार्यालय में उपस्थित पंजिका के निरीक्षण पर पाया कि वरिष्ठ सहायक रवीश मिश्रा, बृजेश कुमार सिंह के उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर थे, लेकिन उपस्थित नहीं हैं। जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि विकास खण्ड स्तर पर रोजगार मेले में गए हुए हैं। भ्रमण पंजिका का अवलोकन करने पर पंजिका में उनका भ्रमण अंकित नहीं पाया गया इस पर चेतावनी दी कि भ्रमण पंजिका में अंकित करने के बाद ही भ्रमण पर जाएं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका में वरिष्ठ सहायक प्रवीन कुमार दुबे 15 दिसंबर से 24 दिसंबर तक अर्जित अवकाश पर दर्शाए गए थे 24 के बाद उनका कोई विवरण दर्ज नहीं था। जबकि कनिष्ठ सहायक प्रशांत कुमार की न तो उपस्थिति लगी थी और नहीं कोई कारण दर्शाया गया था। इसी प्रकार आउट सोर्सिंग कर्मचारी कंप्यूटर ऑपरेटर सुधांशु दीक्षित आकस्मिक अवकाश पर दर्शाए गए। सीडीओ ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक युनानी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि उपरोक्त कर्मचारियों के अवकाश पर होने के स्वीकृत आदेश, प्रशांत कुमार कनिष्ठ सहायक द्वारा उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर न किये जाने के संबंध में आख्या उपलब्ध कराएं।