अस्पताल में लगी मरीजों की कतार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोग इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। यहां शनिवार को अस्थमा से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर किया गया है।
कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी
जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी में 692 मरीज पहुंचे। इनमें फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के पास ज्यादा तादाद थी। शहर के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी 82 वर्षीय जीके सिंह को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे।
परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे
हालत बिगड़ने पर परिजन शुक्रवार की रात उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं कुरावली थाना क्षेत्र के नगलागढ़ू निवासी 75 वर्षीय रामेश्वर सिंह को भी पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह से ही रही मरीजों की काफी भीड़
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भी शनिवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। यहां 19 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। यहां से चार को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल ने बताया कि दोनों ही मरीज मृत अवस्था में लाए गए थे।