मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव खटिकपुर में त्योहार पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के लिए सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा था। शनिवार रात को सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने 500 लीटर सिंथेटिक दूध जब्त किया। दो लोगों को हिरासत में लिया और प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आ चुका है, बाजार में दूध से बनने वाले खाद्य पदार्थों की भरमार है। खाद्य विभाग की टीम अभियान चलाकर चेकिंग कर रही है। शनिवार रात मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक को सूचना मिली कि गांव खटिकपुर में त्योहार पर खपाने के लिए सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा है। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस व एवीटी टीम ने गांव निवासी सगे भाई नेत्रपाल और रिंकू के घर में छापेमारी की। टीम को मौके पर करीब 500 लीटर सिंथेटिक दूध मिला। दूध बड़े डिब्बों में भरकर बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था। दोनों भाइयों ने भागने की कोशिश की लेकिन कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। खाद्य विभाग की टीम ने दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
कैसे करें सिंथेटिक दूध की पहचान
-असली दूध को रगड़ने पर चिकनाहट नहीं होती, जबकि नकली दूध रगड़ने पर डिटर्जेंट जैसी चिकनाहट महसूस होती है।
-सिंथेटिक दूध को उबालने पर वह हल्का पीला पड़ने लगता है। इसमें साबुन या रसायन जैसी हल्की गंध आती है।