उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में अस्थमा के साथ ही बुखार के मरीजों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को यहां बुखार, अस्थमा और हृदय घात से तीन मरीजों की मौत हो गई। जबकि 17 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। हालत बिगड़ने पर पांच मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर किया गया है।
बुखार और हृदय घात से दो की मौत
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। यहां 17 मरीज विभिन्न बीमारियों से पीड़ित होने पर भर्ती कराए गए। वहीं इमरजेंसी ओपीडी में 33 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर किया गया है। औंछा थाना क्षेत्र के गांव मधुपुरी निवासी 65 वर्षीय रामवीर सिंह को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था।
परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घिरोर थाना क्षेत्र के गांव चापरी निवासी गया प्रसाद की 75 वर्षीय पत्नी सुदामा देवी को शनिवार की रात अचानक हृदय घात पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव होलूपुरा निवासी 82 वर्षीय जयदेवी पत्नी रामचंद्र को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर शनिवार की रात जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि दो मरीज मृत अवस्था में आए थे एक की उपचार के दौरान मौत हुई है।