फोटो 26 कृभको सेंटर पर यूरिया खाद के लिए लाइनों में लगे किसान। संवाद
बेवर। मक्का, मूंगफली की फसल में यूरिया खाद की जरूरत पड़ रही है। खाद लेने में किसानों को पूरे दिन सहकारी समितियों पर चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बुधवार को पूरे दिन बेवर के कृभको सेंटर पर खाद के लिए किसान लाइनों में लगे रहे। उपलब्धता के अनुसार खाद भी वितरित की गई।कृभको सेंटर पर खाद वितरण की खबर बुधवार को जैसे ही किसानों तक पहुंची। बड़ी संख्या में खाद की जरूरत के चलते किसान सेंटर पर पहुंच गए। देखते ही देखते सेंटर पर किसानों की भीड़ जुट गई। केंद्र प्रभारी सचिन ने बताया कि सेंटर पर खाद की बोरियां मौजूद हैं। आधार कार्ड व फर्द के आधार पर किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बड़े हिस्से में मक्का और मूंगफली की फसल बोई गई है। इसमें किसान को समय-समय पर यूरिया खाद की जरूरत पड़ रही है। किसान अरविंद ने बताया कि अन्य सहकारी समितियों पर खाद नहीं है। इसके चलते कृभको सेंटर पर भीड़ लग गई है। खाद लेने के लिए महिला किसान भी पहुंच रही हैं। किसान अमित मिश्रा, हेमराज, सुनील म़ोहन, सुधीर कुमार, शशी, राधारानी, राजेश्वरी, जयकरन, नीरज, दिनेश ने अन्य केंद्रों पर भी खाद वितरण कराने की मांग की है।