मैनपुरी। जेल चौराहे के पास स्थित एक घर में 16 वर्षीय किशोरी का शव पंखे के कुंडे में फंदे पर लटका मिला। रविवार देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची, शव को मोर्चरी में रखवाया गया। सीओ सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी लग रहा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंति खुर्द निवासी वीकेश यादव की 16 वर्षीय पुत्री प्रिया रविवार को घर के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में थी। पिता बाहर गए थे, वहीं नीचे उसके दादा थे। देर शाम जब काफी देर तक प्रिया नीचे नहीं आई। परिजन ने जाकर देखा, तो कमरे में प्रिया फंदे पर लटकी दिखी। सूचना मिलने पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी जांच के लिए नमूने एकत्र किए। सीओ सिटी को मृतका के पिता ने बताया कि करीब छह माह पहले प्रिया की मां का देहांत हो चुका था, जिसके बाद से वह परेशान थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।