मैनपुरी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। वडोदरा से गोरखपुर के बीच चलने वाली इन ट्रेनों का मैनपुरी जंक्शन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे गुजरात और पूर्वांचल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक एचएस मीणा ने बताया कि ट्रेन संख्या 09111 सोमवार शाम सात बजे वडोदरा से रवाना हुई। यह ट्रेन गोधरा, रतलाम, भरतपुर, टूंडला और शिकोहाबाद होते हुए मंगलवार सुबह 11:03 बजे जंक्शन पहुंचेगी। यहां दो मिनट ठहरने के बाद फर्रुखाबाद, कानपुर और गोंडा-बस्ती होते हुए गोरखपुर के लिए रवाना होगी। ट्रेन संख्या 09112 मंगलवार सुबह पांच बजे गोरखपुर से चलेगी। बाराबंकी, कानपुर सेंट्रल और फर्रुखाबाद होते हुए शाम 4:35 बजे जंक्शन पहुंचेगी। यहां से शिकोहाबाद होते हुए वडोदरा के लिए रवाना होगी। रेलवे की इस व्यवस्था से त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।