फोटो 8 शहर के कचहरी रोड कार की सजावट करते कारीगर। संवाद
मैनपुरी। शादी सीजन में फूलों से सजावट पर हजारों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सगाई, शादी और विदाई पर फूलों के इस्तेमाल से कारोबार महक रहा है। दूल्हे की कार सजावट पर तीन हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक का खर्च किया जा रहा है। अधिक मांग के चलते बाजार में आर्टिफिशियल फूलों की भी मांग बढ़ गई है। सहालग के दिनों में शादी समारोह की धूम दिखाई दे रही है। लोग परिवार में होने वाले शादी कार्यक्रमों को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हर छोटे-बड़े कार्यक्रमों में शानदार सजावट के लिए सुंदर और खुशबूदार फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सगाई, मंडप, शादी और विदाई में फूलों के उपयोग से कारोबार तेज हुआ है। शादी के बाद विदाई को यादगार बनाने के लिए दूल्हे की कार सजावट पर हजारों रुपये खर्च किए जा रहे है। शहर में तीन हजार रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक में विदाई के लिए कार सजाई जा रही है। इसमें लोग साधारण फूलों के साथ ही विदेशी फूल भी लगवा रहे हैं। इसके अलावा गोटा, चुनरी, नेट का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं फूलोें में गेंदा, गुलदारी, रजनीगंधा आदि फूलों का इस्तेमाल हो रहा है। कार की सजावट में आर्टिफिशियल फूलों की भी खूब मांग है। फूल के कारोबारी रितिक सैनी सहालग में दूल्हे की कार सजावट से फूलों का कारोबार बढ़ गया है। कार सजावट पर जहां 500 रुपये तक खर्च होते थे, वहीं अब लोग दिल खोलकर खर्च कर रहे हैं। इसमें सबसे अधिक इंग्लिश गुलाब और गेंदा की माला का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक कार की साज-सज्जा में करीब आठ से 10 हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं।