उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार को प्रेमी के साथ जाने की जिद में किशोरी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना किशनी थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी की है। यहां की रहने वाली दो किशोरियां मकान की दूसरी और तीसरी मंजिल पर रह रही थीं। बताया गया कि दोनों किशोरियां दो युवकों से प्रेम करने लगी थीं। वह उनके साथ शादी करने की बात कर रही थीं। दोनों किशोरियां उन्हीं लड़कों के साथ जाने की फिराक में थी।
सहेली से मिलने तीसरी मंजिल पहुंची थी
बताया गया कि दो दिन पूर्व दूसरी मंजिल पर रहने वाली किशोरी के परिजनों को इस बारे में पता लग गया। इस पर उन्होंने किशोरी की पिटाई कर दी। मंगलवार को किशोरी तीसरी मंजिल पर रहने वाली अपनी सहेली से मिलने के लिए पहुंची थी। लेकिन, उसकी सहेली वहां से जा चुकी थी।
तलाशते हुए पीछे से आ पहुंचे परिजन
उधर किशोरी के परिजन भी तलाश करते हुए पीछे से आ पहुंचे। परिजन को देख किशोरी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन जिला अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में इलाज कराने की कहकर उसे लेकर चले गए। थाना प्रभारी गीतम सिंह ने कहा कि उन्हें अभी तक इस मामले की कोई सूचना नहीं मिली है।