मैनपुरी। यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर कार्य तो शुरू हुआ मगर आधे से अधिक परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक भी मूल्यांकन केंद्रों पर नहीं पहुंचे। इससे कापियां उम्मीद के मुताबिक चेक नहीं हो सकी। पहले दिन महज 14143 कापियां ही चेक हो सकीं। दूसरी तरफ परीक्षार्थी परीक्षा में पास होने के लिए तहर-तरह से निवेदन कर रहे हैं। एक छात्र ने लिखा कि सर, घर पर कोई कमाने वाला नहीं है पास कर आप ही मेरा सहारा बन जाओ। यूपी बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन 18 मार्च से एक अप्रैल तक होगा। बुधवार को पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों, उप प्रधान परीक्षकों की संख्या बेहद कम रही। जिससे मूल्यांकन कार्य प्रभावित हुआ। नगर के राजकीय इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर पहले दिन 1632 कापियां चेक हुईं। यहां कुल परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक 326 में से 118 ही उपस्थित हुए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मैनपुरी पर 6819 कापियों का मूल्यांकन हुआ। यहां 540 में से 229 परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक पहुंचे। नरसिंह यादव इंटर कॉलेज में 4299 कापियां चेक हुई। इस केंद्र पर 297 परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक पंजीकृत हैं लेकिन यहां 111 ही पहुंचे। इसी तरह जैन इंटर कॉलेज करहल में 477 में से 186 परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक मूल्यांकन करने पहुंचे। केंद्र पर 1393 ही कापियों को चेक किया गया। कुल 1640 में से 644 ही परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक उपस्थित हुए। परीक्षा में पास होने के लिए परीक्षार्थी तरह-तरह की गुहार कर रहे हैं। इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान के एक परीक्षक ने बताया कि छात्र ने पास होने के लिए लिखा कि सर,पिताजी नहीं है। घर पर कोई कमाने वाला नहीं है इसलिए पास करने की कृपा कर देना।