मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की पदोन्नति के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठता सूची तैयार कर ली गई है। इस पर टेट पास शिक्षकों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। अंतिम सूची जिला समिति की सहमति के बाद जारी की जाएगी। विभाग में कई वर्षों बाद शिक्षकों की पदोन्नति के आदेश शासन की ओर से लिए गए हैं। इसके लिए बीएसए को वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर बीएसए की देखरेख में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारियों से उनके क्षेत्र के स्कूलों में रिक्त पदों की संख्या मांगी गई है। उन्होंने बताया कि पदोन्नति के लिए शासन और विभाग की ओर से गाइड लाइन जारी कर दी गई है। वरिष्ठता सूची में शामिल उन शिक्षकों को ही पदोन्नति का लाभ मिलेगा जो टीईटी पास होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के आवेदन पर अंतिम फैसला जिला चयन समिति ही लेगी। इससे पहले शिक्षकों से आपत्तियां भी ली जाएंगी।