बेवर। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह काली नदी पुल के पास कार को बचाने के चक्कर में रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। एक यात्री को जिला अस्पताल रेफर किया गया। फर्रुखाबाद जा रही बेवर डिपो की बस बृहस्पतिवार सुबह काली नदी पुल के पास से होकर गुजर रही थी, तभी अचानक सामने कार आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे नीचे खाई में पलट गई, यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। रोडवेज का शीशा टूट गया था, ग्रामीणों ने बस से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस भी मौके पर आ गई। ग्रामीणों की मदद से हादसे में घायल गांव पथरी थाना नवाबगंज फर्रुखाबाद निवासी सीमा उनकी पुत्री साहनी और पाली हरदोई के रहने वाले तीन यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से एक यात्री को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस चालक रमेश चंद्र शर्मा निवासी फर्रुखाबाद और परिचालक जितेंद्र सिंह को मामूली चोट लगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकलवाया।