फोटो 21 प्रांतीय अध्यक्ष का स्वागत करते पदाधिकारी। स्त्रोत संगठन
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने मंगलवार को भोगांव रोड स्थित मुनीम जी कोल्ड स्टोर पर व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों की समस्याओं के साथ संगठन की 11 सूत्री मांगों पर चर्चा की गई। प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण खुदरा व्यापार प्रभावित हो रहा है। सरकार से ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने की मांग की गई है। जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों का सरकारी कर्मचारियों की तरह स्वास्थ्य बीमा कराने और दुकान में आग लगने पर बीमा की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 28 अक्तूबर 2025 को कई विभागों में व्यापारियों की छोटी-छोटी गलतियों पर जेल भेजने संबंधी प्रावधान समाप्त किए गए हैं। ऐसे मामलों में अब विभागीय कार्रवाई होगी। व्यापारियों ने बिजली और गृहकर की व्यावसायिक दरें घरेलू दरों के बराबर, बिजली बिल में फिक्स और मिनिमम चार्ज समाप्त तथा मंडी शुल्क की दर एक प्रतिशत करने की मांग की। जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर देने तथा विधान परिषद और राज्यसभा में व्यापारियों के लिए 10 सीटें आरक्षित करने की मांग भी रखी गई।इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा, इटावा जिलाध्यक्ष संतोष सिंह चौहान, महामंत्री कमलेश दीक्षित, उपाध्यक्ष शिवकुमार सिंह, कृष्णकांत मिश्रा, पन्नू दीक्षित, अर्पित मिश्रा, दिलीप कुमार गुप्ता, प्रतीक गुप्ता, सुशील अग्रवाल, रोहित गोयल आदि मौजूद रहे।