फोटो 18 बीएसए कार्यालय से बीआरसी मैनपुरी के लिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराते जिला समन्वयक प्रशिक्षण।
मैनपुरी। परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 10 दिसंबर से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा में एक लाख 22 हजार 365 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं के लिए जिले में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को बीएसए कार्यालय से प्रश्नपत्र बीआरसी केंद्रों पर भेजे गए। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 10 दिसंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित होंगी। शासनादेश के तहत प्राचार्य डायट की निगरानी में प्रश्नपत्र तैयार कराए गए हैं। प्रश्नपत्र के सील लिफाफों के पैकेट शुक्रवार को बीएसए कार्यालय से ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर भेजे गए। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संकुल प्रभारियों की मदद से परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए कि वे अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में शत-प्रतिशित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके लिए यदि जरूरत समझें तो परीक्षा से पहले अभिभावकों की एक बैठक आयोजित करें। प्रबंध समिति के सहयोग से परीक्षा में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं को उपस्थित कराएं। वहीं, बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए कि 9 दिसंबर तक हर हाल में इस बात की जानकारी ले लें कि सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंच गए हैं। यदि कहीं पर किसी प्रकार की दिक्कत है तो संकुल शिक्षक और प्रधानाध्यापक से बात कर समस्या का निदान कराएं।