फोटो 1 मुख्य डाकघर में स्थित आधार केंद्र पर लगी आवेदकों की भीड़। संवाद
मैनपुरी। मुख्य डाकघर में लोगों को नए आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने के लिए खासा इंतजार करना पड़ा रहा है। इन दिनों दो आधार केंद्रों में से एक बंद होने से उन्हें असुविधा हो रही है। करीब एक सप्ताह से दूसरे केंद्र पर भीड़ बढ़ गई है, जिससे लोगों के इंतजार की अवधि में भी इजाफा हुआ है। मुख्य डाकघर में नए आधार कार्ड बनवाने और आधार से संबंधित जानकारी, जैसे मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक डेटा आदि को अपडेट कराने के लिए प्रतिदिन औसतन 100 से 120 लोग पहुंचते हैं। इनमें शहर के साथ-साथ जनपद के दूरदराज के इलाकों से आने वाले लोग भी शामिल हैं। जल्दी नंबर आने की उम्मीद लिए कई लोग अपने बच्चों, महिलाओं और स्वयं के आधार कार्ड बनवाने के लिए सुबह 7 बजे से ही डाकघर पहुंच जाते हैं। डाकघर में लोगों की सुविधा के लिए दो आधार केंद्र शुरू किए गए थे। जिसमें से एक आधार केंद्र पर नई मशीनें लगाई गई हैं। इन नई मशीनों के संचालन के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया लखनऊ से होनी है। पंजीकरण पूरा नहीं होने के कारण ये आधार केंद्र बंद है। एक आधार केंद्र के बंद होने के कारण, दूसरे केंद्र पर अत्यधिक दबाव है। इससे लोगों को अपने नंबर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। आलम यह है कि सुबह लाइन में लगने वाले लोगों का नंबर दोपहर 2 से 3 बजे तक आ पा रहा है। इससे आम जनता को काफी परेशानी हो रही है।