मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 5 फरवरी से बोर्ड परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। परीक्षाओं की तिथि निर्धारित होने के बाद परिषद ने छात्र-छात्राओं के कोर्स पूरा कराने पर जोर देना शुरू कर दिया है। दिसंबर तक प्रयोगात्मक कार्य भी पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक को परिषद की ओर से पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रयोगात्मक कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी जाए कि वे विषय अध्यापक के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी करें। छात्र-छात्राओं को प्रयोगशाला में ले जाकर समय से उनका प्रयोगात्मक कार्य कराया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी प्रधानाचार्य 12वीं के छात्र-छात्राओं के प्रयोगात्मक कार्य हर हाल में दिसंबर से पहले पूरे करा लें। 10वीं के आंतरिक मूल्यांकन का कार्य भी दिसंबर से पहले पूरा करा लिया जाए।