मैनपुरी। जिले के ग्रामीण अंचल की सड़कों की स्थिति जल्द बदलने जा रही है। सड़कों पर हुए गड्ढे जल्द भरे जाएंगे। शासन की ओर से किशनी और करहल विकास खंड की सड़कों के गड्ढे भरे जाने के लिए 50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। किशनी और करहल क्षेत्र में कई सड़कें ऐसी हैं जिन पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने सड़कों पर हुए गढ्ढों को भरवाए जाने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को कुछ दिन पहले ज्ञापन सौंपा था।अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एके अरुण ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की मांग पर विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। किशनी और करहल विकासखंड की सड़कों के गड्ढे भरे जाने के लिए शासन की ओर से 25-25 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि धनराशि स्वीकृति के साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़कों के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सड़कों के गड्ढे भरने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।