बेवर। थाना क्षेत्र में एनएच 92 बेवर फर्रुखाबाद मार्ग पर मंगलवार दोपहर तीन बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। सूचना के बाद भी एंबुलेंस एक घंटे बाद पहुंची, घायलों को निजी वाहन से अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव जसरऊ निवासी अतुल अपने साथी दीपक और अंकुश के साथ बाबा नीम करोरी से दर्शन कर गांव वापस आ रहे थे। रास्ते में बेवर थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद रोड पर दहेड़ मोड़ के सामने बेवर की तरफ से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। बाइक पर जीतू, केशव और कृष्ण निवासी गांव गुरुऊ शादी नगर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद सवार थे। हादसे के बाद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े, इस बीच खाद लेकर जा रहे हिमांशु निवासी करपिया की बाइक भी दोनों बाइकों से जा टकराई। तीन बाइकों की भिड़ंत में अतुल, दीपक, जीतू, केशव और कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो पुलिस व परिजन ने निजी वाहनों से घायलों के सीएचसी ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जीतू व केशव के परिजन ने आरोप लगाया कि एक घंटे इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई, तो वह लोग बच्चों को पिकअप में लादकर अस्पताल लेकर आए।