मैनपुरी। थाना करहल क्षेत्र के गांव किरथुआ निवासी मिथुन कठेरिया की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई थी। युवक का शव कोतवाली क्षेत्र स्थित खरपरी रजबहा में पड़ा मिला था। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने से आया है। गांव किरथुआ निवासी मिथुन कठेरिया पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। शनिवार को वह अहमदाबाद नौकरी पर जाने के लिए घर से निकला था। रविवार सुबह उसका शव शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित खरपरी रजबहा में पड़ा मिला था। मृतक की मां ने बेटे की हत्या कर शव को रजबहा में फेंकने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी चोट या हत्या के प्रत्यक्ष साक्ष्य के बजाय डूबने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि युवक नहर तक कैसे पहुंचा और दुर्घटना कैसे हुई। सीओ सिटी अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई करेगी।