मैनपुरी। मोहल्ला खरगजीत नगर में एक शराबी आए दिन पत्नी को बांझ होने का ताना देता है, शनिवार दोपहर पत्नी का गला दबा कर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता ने कोतवाली में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी रेखा देवी ने बताया कि उन्हें कोई संतान नहीं है, जिस वजह से पति रामवीर शराब के नशे में आए दिन ताने देता रहता है, उन्हें मारता-पीटता रहता है। अकेलापन दूर करने के लिए उन्होंने एक बच्ची को गोद ले लिया, मगर, पति उससे भी नाखुश रहता है। शनिवार दोपहर जब वह घरेलू कामकाज निपटा रही थीं, तभी पति शराब के नशे में धुत होकर आया और गाली-गलौज करते हुए ताना देते हुए पीटना शुरू कर दिया। गला दबा कर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह से वह बच कर निकलीं, इंस्पेक्टर कोतवाली फतेह बहादुर ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।